हिमाचल प्रदेश के सोलन में इन दिनों मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। कभी तेज धूप तो कभी अचानक बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है, जिससे लोग असमंजस की स्थिति में हैं।
स्थानीय निवासी देवदर्शी सूद ने इस पर चिंता जताते हुए बताया कि मई माह में जहां सामान्यतः गर्मी का प्रकोप रहता है, वहीं अब ठंड का अहसास हो रहा है। हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि के चलते तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई, जिससे सुबह के समय ठिठुरन महसूस हो रही है।
उन्होंने कहा कि इस अनिश्चित मौसम का असर लोगों के स्वास्थ्य और दिनचर्या पर भी पड़ रहा है। कभी गर्म कपड़े उतारने पड़ते हैं तो अगले ही दिन उन्हें फिर से पहनना पड़ता है, जिससे शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
देवदर्शी सूद ने इस बदलाव के लिए मानवीय गतिविधियों, विशेषकर पेड़ों की कटाई को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने लोगों से प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने और अपनी जीवनशैली में सुधार करने की अपील की।
उन्होंने सुझाव दिया कि नियमित दिनचर्या अपनाकर और शरीर को मजबूत बनाकर ही इस बदलते मौसम का सामना किया जा सकता है। उनका मानना है कि जागरूकता और सावधानी से ही लोग इस अनिश्चित मौसम के प्रभाव को कम कर सकते हैं।