कसौली में सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने ‘सूर्य ग्रीन – हिमालयन ओडिसी’ इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय सेना केवल देश की सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और राष्ट्रीय एकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी समाज को जागरूक करने के लिए प्रतिबद्ध है।
लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने बताया कि 10 टाटा इलेक्ट्रिक वाहनों का यह काफिला 11 दिनों में 1663 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के दुर्गम एवं सीमावर्ती क्षेत्रों से होकर 22 जून को लेह पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत सरकार की स्वच्छ ऊर्जा और हरित तकनीक को बढ़ावा देने की सोच के अनुरूप है।उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, जिम्मेदार परिवहन और राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित करना है। यह यात्रा दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल सड़कों में शामिल उमलिंग ला और चांग ला जैसे चुनौतीपूर्ण मार्गों से होकर गुजरेगी, जो मानव साहस और आधुनिक तकनीक का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करेगी। लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने विश्वास जताया कि यह अभियान देशभर में स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सेना और नागरिकों के बीच संबंधों को और अधिक मजबूत करेगा।
