सोलन : नौवीं की छात्रा एरेन बनीं ‘मिस टीन हिमाचल’, सोलन का नाम किया रोशन

एमआरए डीएवी पब्लिक स्कूल, सोलन की नौवीं कक्षा की छात्रा एरेन ने ‘मिस टीन हिमाचल’ का खिताब जीतकर जिले का नाम प्रदेश भर में रोशन किया है। हमीरपुर में आयोजित प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में एरेन ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।
इस प्रतियोगिता का आयोजन ब्लॉसम इवेंट्स, मिस यूनिवर्स ऑर्गेनाइजेशन और मिस हिमाचल ऑर्गनाइजेशन द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, लेकिन एरेन ने अपने प्रभावशाली व्यक्तित्व और आत्मविश्वास के बल पर निर्णायकों का दिल जीतते हुए विजेता का ताज अपने नाम किया।
मूल रूप से जुब्बल तहसील के बहाल गांव की रहने वाली एरेन ने बताया कि मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में अपनी पहचान बनाना आसान नहीं था। शुरुआत में उन्हें परिवार का पूरा समर्थन नहीं मिला, लेकिन उन्होंने अपने लक्ष्य को कभी नहीं छोड़ा। अपने मजबूत इरादों और निरंतर प्रयासों के बल पर उन्होंने न केवल अपने सपने को साकार किया, बल्कि अपने माता-पिता का विश्वास भी जीता।
एरेन ने कहा कि उनका सपना था कि वह एक दिन अपने घर यह क्राउन लेकर आएं और आज वह सपना पूरा हो गया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों को दिया।
‘मिस टीन हिमाचल’ का खिताब जीतने के बाद एरेन ने भविष्य में भी मॉडलिंग और फैशन के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा जताई है। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है और यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, आत्मविश्वास और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *