सोलन: जौनाजी रोड चौड़ीकरण से बढ़ीं लोगों की मुश्किलें, बारिश का पानी घरों में घुसने से रोष

सोलन के जौनाजी मार्ग पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान बरती जा रही लापरवाही के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान के साथ-साथ कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी धर्मेंद्र ठाकुर ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान मार्ग की ऊंचाई काफी बढ़ा दी गई है, जिससे आसपास के मकानों पर खतरा उत्पन्न हो गया है। उनका कहना है कि बारिश का पानी अब सीधे घरों की ओर बह रहा है और कई मकानों की निचली मंजिलों तथा नींव तक पहुंच रहा है। इससे भविष्य में भवनों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान पानी और सीवरेज की पुरानी पाइपों को बिना पूर्व सूचना के क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके चलते प्रभावित परिवारों को नई पाइपें डालने के लिए अपने स्तर पर हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। कई परिवारों को 50 हजार से लेकर एक लाख रुपये तक का अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
वहीं ठाकुर ढाबा के संचालक राजेंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में उचित जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी दुकानों और घरों के सामने जमा हो रहा है। उन्होंने कहा कि हाल की बारिश के दौरान कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों और स्कूली बच्चों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मानसून शुरू होने से पहले नालियों का निर्माण पूरा करने, सड़क की ढलान को तकनीकी रूप से दुरुस्त करने तथा सड़क की ऊंचाई को नियंत्रित रखने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *