सोलन शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र माल रोड की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने नगर निगम से सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस प्रयास नहीं किए गए तो न केवल व्यापार प्रभावित होगा, बल्कि पर्यटन की संभावनाएं भी कमजोर पड़ जाएंगी।
व्यापारी अनिरुद्ध सूद ने माल रोड पर पार्किंग की गंभीर समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि ग्राहकों, विशेषकर दुपहिया वाहन चालकों के लिए कोई समुचित पार्किंग व्यवस्था नहीं है, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सुझाव दिया कि नगर निगम को माल रोड के आसपास दो-तीन स्थानों पर पार्किंग स्थल विकसित करने चाहिए। साथ ही, उन्होंने माल रोड को शिमला की तर्ज पर विकसित कर यहां प्रदर्शनियों और आकर्षक गतिविधियों के आयोजन की आवश्यकता जताई, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
वहीं, व्यापारी सतीश भारद्वाज ने माल रोड की वर्तमान स्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह अब व्यवस्थित बाजार के बजाय अव्यवस्थित रेहड़ी-फड़ी मार्केट का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण के कारण पैदल चलने के लिए पर्याप्त स्थान नहीं बचा है और टाइलों की स्थिति भी खराब है। इसके अलावा, ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार बनी हुई है, जबकि डीसी कार्यालय के स्थानांतरण के बाद भी हालात में सुधार नहीं हुआ।
व्यापारियों का मानना है कि शहर में पार्किंग क्षमता बेहद सीमित है, जो बढ़ती वाहनों की संख्या के मुकाबले नाकाफी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पार्किंग सुविधाओं का विस्तार और माल रोड का सौंदर्यीकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि सोलन का संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।
सोलन: माल रोड के कायाकल्प को लेकर व्यापारियों ने उठाई आवाज, पार्किंग व अतिक्रमण बड़ी समस्या