वार्ड नंबर 14 के पूर्व पार्षद राजीव कौडा ने भाजपा द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि बुजुर्गों के पैर छूना उनके पारिवारिक संस्कार हैं, न कि कोई राजनीतिक स्टंट।
राजीव कौडा ने भाजपा के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें कहा गया था कि “पैर छूने से विकास नहीं होता।” उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता ने उन्हें बचपन से ही बड़ों का सम्मान करना सिखाया है और वह राजनीति में आने से पहले भी बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल दूसरों द्वारा दिए जा रहे सम्मान को भी राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं।
विकास कार्यों के मुद्दे पर कौडा ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों का पूरा विवरण होर्डिंग्स और फ्लैक्स के माध्यम से जनता के सामने रखा है। उन्होंने कहा कि वह पैर छूकर नहीं, बल्कि अपने कार्यों के आधार पर जनता से समर्थन मांग रहे हैं।
भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने भाजपा को खुली चुनौती दी कि यदि कोई गड़बड़ी हुई है तो ईडी या विजिलेंस जैसी एजेंसियों से जांच करवा ली जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि झूठे आरोपों और मानहानि का सिलसिला जारी रहा तो वह कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे।