सोलन : गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता और भाईचारे की प्रेरणा: राज्यपाल कविंद्र गुप्ता

सोलन। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर देश और प्रदेशवासियों सहित समस्त सिख संगत को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता, समानता, प्रेम और आपसी भाईचारे का जो संदेश दिया, वह आज भी पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी शिक्षाएं हमें बिना किसी भेदभाव के सभी के साथ मिल-जुलकर रहने और मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देती हैं।
राज्यपाल ने कहा कि सिख समुदाय का इतिहास त्याग, तपस्या और बलिदानों से भरा हुआ है। देश की एकता, अखंडता और धर्म की रक्षा के लिए सिख गुरुओं और समुदाय ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय अपने जीवन, परिवार और समाज में अपनाने की आवश्यकता है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा होगी।
उन्होंने सिख समाज के सम्मान और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबजादों की शहादत को सम्मान देने के लिए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित करना ऐतिहासिक कदम है। इसी प्रकार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलना और हेमकुंड साहिब के लिए रोपवे परियोजना पर कार्य करना सराहनीय पहल है।
राज्यपाल ने कहा कि गुरु नानक देव जी, गुरु गोविंद सिंह जी और गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व तथा शहीदी दिवसों को भव्य रूप से मनाया जा रहा है। उन्होंने 1984 के दंगों के पीड़ितों को न्याय दिलाने के प्रयासों और अफगानिस्तान से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पवित्र स्वरूपों को पूरी मर्यादा के साथ भारत लाने की पहल को भी महत्वपूर्ण बताया
उन्होंने सभी लोगों से गुरु नानक देव जी के संदेशों को आत्मसात कर प्रेम, सद्भाव और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *