सोलन। शहर के वार्ड नंबर 5 स्थित गंज बाजार में पिछले कई दिनों से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। क्षेत्र में कम पानी का प्रेशर और घरों तक पानी नहीं पहुंचने की शिकायतों के बाद निगम की टीम ने पाइपलाइन की जांच कर खराबी को ठीक करने की प्रक्रिया शुरू की है। वार्ड नंबर 5 के पूर्व पार्षद अमरदीप पांजा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों से कुछ समय तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
अमरदीप पांजा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों के निवासियों की ओर से पानी की आपूर्ति बाधित होने और कम प्रेशर की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच में सामने आया कि जलशक्ति विभाग की ओर से पानी की सप्लाई उपलब्ध करवाने के बावजूद घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा था। इसके बाद नगर निगम के अधिकारियों के साथ इस समस्या को लेकर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि नगर निगम की टीम पिछले छह से सात दिनों से समस्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पाइपलाइन के कुछ हिस्सों के सड़ने और कई स्थानों पर लीकेज होने की बात सामने आई। इसके बाद निगम ने प्रभावित क्षेत्रों में खुदाई कर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। जिन स्थानों पर पाइपलाइन पूरी तरह खराब हो चुकी है, वहां नई पाइपें बिछाई जाएंगी, जबकि अन्य स्थानों पर लीकेज को ठीक किया जाएगा।
पूर्व पार्षद ने कहा कि पानी की समस्या से स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम की टीम इसे जल्द दूर करने के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि मरम्मत कार्य पूरा होने तक सहयोग और धैर्य बनाए रखें। उन्होंने उम्मीद जताई कि पाइपलाइन दुरुस्त होने के बाद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति सुचारू हो जाएगी और लोगों को राहत मिलेगी।
सोलन के गंज बाजार में पेयजल समस्या दूर करने के लिए नगर निगम ने शुरू किया मरम्मत कार्य, अमरदीप पांजा ने लोगों से मांगा सहयोग