गौ रक्षा दल सोलन ने गौ माता के संरक्षण और सम्मान को लेकर ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। अभियान के माध्यम से गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा इस संबंध में सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग की जा रही है। अभियान में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखी जा रही है।
गौ रक्षा दल सोलन के प्रधान अमित अत्री ने बताया कि संत समाज के आह्वान पर यह अभियान पूरे देश में चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 27 अप्रैल को इस संबंध में प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया था। अब 90 दिन पूरे होने के बाद हस्ताक्षर अभियान शुरू किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोगों का समर्थन जुटाकर सरकार तक यह मांग पहुंचाई जा सके।
दल के सचिव गुरुदेव वर्मा ने कहा कि गौ संरक्षण केवल किसी एक संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चिंता जताई कि आज बड़ी संख्या में गौवंश सड़कों पर घायल और बेसहारा घूम रहा है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर गौ रक्षा दल की टीम घायल या बीमार गौवंश को सब्जी मंडी के समीप स्थित आश्रय सदन पहुंचाकर उपचार की व्यवस्था करती है।
उन्होंने सरकार से स्कूलों के विद्यार्थियों को समय-समय पर गौशालाओं का भ्रमण करवाने की भी अपील की, ताकि नई पीढ़ी में गौ सेवा और संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ सके। साथ ही नागरिकों से गौ तस्करी अथवा संकट में फंसे गौवंश की सूचना तत्काल गौ रक्षा दल को देने का आग्रह किया।