सोलन  : राष्ट्रीय स्तरीय शूलिनी मेले की तैयारियां तेज, प्रशासन ने किया व्यवस्थाओं का निरीक्षण

आगामी 26 से 28 जून तक आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्तरीय शूलिनी मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) राहुल जैन तथा डीएसपी ट्रैफिक अशोक चौहान ने मंगलवार को शूलिनी मंदिर, चौक बाजार और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाना तथा श्रद्धालुओं को बिना किसी परेशानी के माता शूलिनी के दर्शन करवाना है।
एडीसी राहुल जैन ने बताया कि मेले में हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, इसलिए ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान की विशेष रूप से समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि मेले के दौरान लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि शहर की सड़कों और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया जा रहा है। जहां कहीं भी कमियां पाई जा रही हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मेले के शुभारंभ से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *