सोलन : 39 पंचायतों को बीडीओ की दो टूक: कचरा प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हॉटस्पॉट क्षेत्रों पर रहेगी विशेष नजर

विकास खंड सोलन के अंतर्गत आने वाली 39 पंचायतों के नवनियुक्त प्रधानों के साथ आयोजित विशेष बैठक में बीडीओ मंजुला कंवर ने ठोस कचरा प्रबंधन (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) को लेकर कड़े निर्देश जारी किए। बैठक का मुख्य उद्देश्य उच्चतम न्यायालय द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट-2026 के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देना और उन्हें पंचायत स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीति तैयार करना था। बीडीओ ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल औपचारिकता नहीं बल्कि पंचायतों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों को उनकी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए कचरा निस्तारण के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान विभिन्न पंचायतों में कचरा निष्पादन से जुड़ी चुनौतियों पर भी चर्चा हुई। विशेष रूप से शहर से सटी पंचायतों सपून, चेवा, दठी और शामती में बढ़ती ठोस कचरे की समस्या को प्रमुख चिंता बताया गया। पंचायत प्रधानों ने अपने-अपने क्षेत्रों के कचरा हॉटस्पॉट्स की जानकारी साझा की और समाधान के सुझाव भी दिए। ग्राम पंचायत सपून के प्रधान ने नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर कचरे के वैज्ञानिक निपटान की व्यवस्था करने का प्रस्ताव रखा। अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने भी क्षेत्रीय समस्याओं को सामने रखते हुए बेहतर कचरा प्रबंधन की आवश्यकता जताई। बैठक के अंत में सभी पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वच्छता अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ाने और अपने क्षेत्रों को कचरा मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का संकल्प लिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *