सोलन : निर्जला एकादशी का विशेष महत्व, 26 जून को होगा व्रत का पारण: पुजारी मदन शर्मा

सोलन माल रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पुजारी मदन शर्मा ने निर्जला एकादशी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को व्रत के नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भगवान विष्णु को समर्पित यह एकादशी वर्ष की सबसे महत्वपूर्ण एकादशियों में से एक मानी जाती है।
मदन शर्मा ने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार निर्जला एकादशी का व्रत करने से वर्षभर की सभी एकादशियों के व्रत के समान पुण्य प्राप्त होता है। इस दिन श्रद्धालु बिना जल ग्रहण किए भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करते हैं और उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि स्वस्थ व्यक्ति को जीवन में कम से कम एक बार यह व्रत अवश्य करना चाहिए। व्रत सूर्योदय से प्रारंभ होकर पूरे दिन चलता है, जबकि इसका पारण अगले दिन द्वादशी तिथि पर किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष निर्जला एकादशी व्रत का पारण 26 जून को प्रातः 10 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से विधि-विधानपूर्वक व्रत एवं पूजा करने का आग्रह किया।