सोलन: नगर निगम सोलन के चुनावों को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में वार्ड नंबर 11 से कांग्रेस प्रत्याशी हेमा शर्मा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में औपचारिक रूप से कदम रख दिया है। नामांकन के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं और चुनाव लड़ने के उद्देश्य साझा किए।
हेमा शर्मा ने कहा कि उन्होंने कभी राजनीति में आने के बारे में नहीं सोचा था, लेकिन वार्ड की जनता के आग्रह और आशीर्वाद ने उन्हें यह निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपनी इस नई पारी के लिए इष्ट देवता साईं बाबा और मां शूलनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य जनसेवा है। उनका मानना है कि मानव सेवा ही जीवन का सबसे बड़ा धर्म है।
गौरतलब है कि उनके पुत्र अभय शर्मा पिछले पांच वर्षों से वार्ड नंबर 11 के पार्षद रहे हैं। इस बार सीट महिलाओं के लिए आरक्षित होने के चलते स्थानीय लोगों के समर्थन से हेमा शर्मा को उम्मीदवार बनाया गया है। उन्होंने पार्टी नेतृत्व और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है।
हेमा शर्मा ने बताया कि उनके बेटे के कार्यकाल में वार्ड में कई विकास कार्य किए गए हैं, लेकिन कुछ कार्य अभी अधूरे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है, तो उनकी पहली प्राथमिकता इन अधूरे कार्यों को पूरा करना होगी। इसके साथ ही वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने वार्ड की जनता से अपील की कि वे पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए उन्हें समर्थन दें। उन्होंने विश्वास जताया कि वह जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी और विकास कार्यों को गति देंगी।