सोलन : दाड़लाघाट में किसान सभा की ब्लॉक कमेटी गठित, जय देव ठाकुर अध्यक्ष निर्वाचित

सोलन । किसान सभा की ब्लॉक कमेटी की बैठक शनिवार को दाड़लाघाट में आयोजित की गई। बैठक का उद्घाटन किसान सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष राम कृष्ण शर्मा ने किया। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और किसानों सहित आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने पर जोर दिया।
बैठक में नौ सदस्यीय ब्लॉक कमेटी का गठन किया गया। इसमें जय देव ठाकुर को अध्यक्ष और रूप सिंह ठाकुर को सचिव चुना गया। भगीरथ को कोषाध्यक्ष, मोहन को उपाध्यक्ष तथा रूप राम को संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, आरके शर्मा, विजय और गजपति को कमेटी सदस्य चुना गया।
नवनिर्वाचित कमेटी ने दाड़लाघाट में ट्रक ऑपरेटरों के समर्थन में आगामी संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही क्षेत्र के अस्पताल से जुड़ी समस्याओं, डॉक्टरों की उपलब्धता और दाड़लाघाट में नए ब्लॉक के गठन की मांग को प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई और उनके समाधान के लिए संगठित प्रयास करने पर सहमति बनी।
बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला अध्यक्ष नीतीश ठाकुर ने बीज अधिनियम और मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इन नीतिगत कदमों का देश के किसानों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया और नवनिर्वाचित ब्लॉक कमेटी को शुभकामनाएं दीं।
किसान सभा की नवगठित कमेटी ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद करने और किसानों के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया। BITE – अध्यक्ष श्री जय देव ठाकुर, सचिव श्री रूप सिंह ठाकुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *