सोलन : हिमाचल को बोझ बताने पर कंगना रनौत स्पष्टीकरण दें : संजय अवस्थी

सोलन। अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत की ओर से हिमाचल प्रदेश को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उनसे स्पष्टीकरण देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं है। सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन प्रदेश और इसके हित सर्वोपरि हैं।
अवस्थी ने कहा कि कंगना रनौत की ओर से पूर्व में दिए गए कई बयानों को उनकी अपनी पार्टी के लोग भी गंभीरता से नहीं लेते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी बयान का महत्व इस बात से तय होता है कि उसे कौन और किस संदर्भ में दे रहा है। हिमाचल जैसे संवेदनशील विषय पर सार्वजनिक मंच से की गई टिप्पणी को हल्के में नहीं लिया जा सकता।
विधायक ने कहा कि हिमाचल प्रदेश करीब 75 लाख लोगों का प्रदेश है और इसे देवभूमि के नाम से जाना जाता है। यहां की जनता, संस्कृति, परंपराएं और देवी-देवताओं के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। ऐसे में यदि किसी को यही देवभूमि बोझ लगने लगे तो जनता स्वयं इस तरह के बयान का आकलन कर सकती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोगों ने हमेशा देश की प्रगति में अपना योगदान दिया है। प्रदेश के लोगों ने सेना, शिक्षा, खेल, प्रशासन और विभिन्न क्षेत्रों में देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कंगना रनौत से आग्रह किया कि वह स्पष्ट करें कि उन्होंने किस आधार पर हिमाचल प्रदेश को बोझ बताया। अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के हितों से जुड़े मामलों पर सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *