सोलन में कांग्रेस का रोष प्रदर्शन, चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

सोलन। जिला कांग्रेस कमेटी सोलन के आह्वान पर आयोजित रोष प्रदर्शन में कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी और अर्की विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय अवस्थी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए राहुल गांधी के नेतृत्व में संघर्ष कर रही है। उन्होंने सोलन में हुए प्रदर्शन को व्यापक आंदोलन की शुरुआत बताते हुए कहा कि आने वाले समय में इसे और तेज किया जाएगा। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
संजय अवस्थी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग की भूमिका महत्वपूर्ण है और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा करना उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। अवस्थी ने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपनी जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देना चाहिए। अवस्थी ने आरोप लगाया कि सत्ता हासिल करने के लिए गलत हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
प्रदर्शन में सोलन जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस कार्यकर्ता और ब्लॉक अध्यक्ष शामिल हुए। सीपीआई की जिला इकाई ने भी शशि पंडित की अगुवाई में प्रदर्शन में भाग लिया। अवस्थी ने कहा कि अभी यह अंगड़ाई है, आगे बड़ी लड़ाई है। उन्होंने आंदोलन को जिला से लेकर ब्लॉक स्तर तक ले जाने की बात कही। BITE – कसौली विधायक विनोद सुल्तानपुरी , अर्की विधायक संजय अवस्थी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *