शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों के बीच वार्ड नंबर 5 की पार्षद डॉ. प्रियंका पांजा ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की पहल की है। उन्होंने एएसपी रमेश शर्मा से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपते हुए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।
पार्षद की मांग पर पुलिस प्रतिनिधि विक्रम ने वार्ड का दौरा कर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना के लिए संभावित स्थानों का प्राथमिक सर्वे किया। कसाई गली, अग्रवाल मोहल्ला, गुरुद्वारा के पीछे वाली गली, मोहन कॉलोनी और लोअर बाजार के कुछ हिस्सों को कैमरों के लिए चिन्हित किया गया है। आगामी चरण में पार्कों और अन्य संवेदनशील स्थानों को भी निगरानी के दायरे में लाने की योजना है।
डॉ. पांजा ने पुलिस प्रशासन से ड्रग पैडलर्स और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के लिए सरप्राइज पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की। उन्होंने विशेषकर देर रात और सुबह तड़के पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
उन्होंने जर्जर और खाली पड़ी इमारतों के मालिकों से भी अपनी संपत्तियों को सुरक्षित करने अथवा ध्वस्त करने की अपील की। उनका कहना है कि ऐसी सुनसान जगहों का नशेड़ी गलत गतिविधियों के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। पार्षद ने क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग को जरूरी बताया।