सोलन : पंचायत चौकीदारों के नियमितीकरण की उम्मीद जगी, मुख्यमंत्री ने फाइल जल्द भेजने के दिए निर्देश

सोलन। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से नियमितीकरण की मांग कर रहे पंचायत चौकीदारों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पंचायत चौकीदार यूनियन हिमाचल प्रदेश और इंटक के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी वर्षों पुरानी मांग को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान मुख्यमंत्री की ओर से नियमितीकरण को लेकर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद प्रदेशभर के पंचायत चौकीदारों में नई उम्मीद जगी है।
इंटक हिमाचल प्रदेश के उपाध्यक्ष पूर्ण चंद ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष पंचायत चौकीदारों की समस्याओं और नियमितीकरण का मुद्दा रखा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के सचिव को पंचायत चौकीदारों के नियमितीकरण से संबंधित फाइल शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके अतिरिक्त 12 वर्ष की सेवा अवधि पूरी करने वाले पंचायत चौकीदारों से संबंधित फाइल भी जल्द मंगाने को कहा गया है, ताकि पात्र कर्मचारियों को नियमितीकरण का लाभ मिल सके।
वहीं, हिमाचल प्रदेश पंचायत चौकीदार यूनियन के अध्यक्ष प्रेम वर्धन ने मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने पंचायत चौकीदारों को नियमित करने का भरोसा दिलाया है। उनके अनुसार, 12 वर्ष की सेवा अवधि से संबंधित रुकी हुई नीति को बहाल कर दिया गया है और इसकी औपचारिक अधिसूचना जल्द जारी करने का आश्वासन मिला है।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश की विभिन्न पंचायतों में कार्यरत चौकीदार वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन नियमितीकरण नहीं होने के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार के इस आश्वासन से कर्मचारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार जल्द आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर अधिसूचना जारी करेगी। हालांकि नियमितीकरण की प्रक्रिया और पात्रता संबंधी स्थिति अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *