सोलन : विरासत के मुसाफिर’ के जरिए सहेजा जा रहा इतिहास, कालका-शिमला रेलवे की अनकही कहानी आई सामने

विश्व धरोहर कालका-शिमला रेलवे के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से सोलन के पैरागोन होटल के प्रबंध निदेशक सुरेंद्र वर्मा ने एक अनूठी पहल शुरू की है। ‘विरासत के मुसाफिर’ नामक इस परियोजना के तहत कालका-शिमला रेलवे लाइन के इतिहास पर आधारित एक विशेष डॉक्यूमेंट्री तैयार की गई है, जिसका विमोचन एसडीएम सोलन पूनम बंसल द्वारा किया गया।इस अवसर पर सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल इतिहास को संजोना नहीं, बल्कि उन लोगों के योगदान को भी सम्मान देना है जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में इस क्षेत्र के विकास और पहचान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। डॉक्यूमेंट्री में कालका से शिमला तक के ऐतिहासिक रेलवे ट्रैक के निर्माण, उसकी विरासत और उससे जुड़े दुर्लभ तथ्यों को विस्तार से दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी आधुनिकता की दौड़ में अपने इतिहास से दूर होती जा रही है, ऐसे में इस तरह की पहलें अतीत और वर्तमान के बीच एक मजबूत कड़ी का काम करेंगी।
सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि उन्हें बचपन से ही पुरानी तस्वीरें, ऐतिहासिक दस्तावेज और समाचार पत्र संग्रहित करने का शौक रहा है। वर्षों की मेहनत के बाद उन्होंने 1903, 1904 तथा स्वतंत्रता पूर्व काल की अनेक दुर्लभ तस्वीरें और दस्तावेज एकत्र किए हैं। इनमें रेलवे ट्रैक के निर्माण कार्य, उस दौर की जीवनशैली और ऐतिहासिक घटनाओं की झलक देखने को मिलती है। इन दुर्लभ चित्रों को पहली बार वीडियो डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से आम लोगों के सामने लाया गया है।उन्होंने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री के निर्माण में स्थानीय बच्चों और युवाओं ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शिवानी, रुचि सहित कई बच्चों ने शोध और प्रस्तुति में सहयोग दिया। वर्तमान में यह परियोजना डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही है, जबकि भविष्य में इसे एक कॉफी टेबल बुक के रूप में भी प्रकाशित करने की योजना है। वर्मा ने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री में उपयोग की गई अधिकांश सामग्री उन्होंने विदेशों की ऑनलाइन नीलामियों, निजी संग्रहों और देश के विभिन्न हिस्सों से स्वयं जाकर जुटाई है। उन्होंने कहा कि ‘विरासत के मुसाफिर’ का यह पहला एपिसोड है और आने वाले समय में हिमाचल की ऐतिहासिक धरोहरों, दुर्लभ तस्वीरों और दस्तावेजों पर आधारित कई और एपिसोड दर्शकों के सामने लाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *