सोलन : हिमाचल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी सुविधाएं सुधारे सरकार: देवेंदर वर्मा

हिमाचल प्रदेश फेडरेशन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष देवेंदर वर्मा ने प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सड़कों, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार होटल, रेस्टोरेंट कारोबारियों सहित सभी हितधारकों को साथ लेकर चले तो हिमाचल पर्यटन के क्षेत्र में देश में अग्रणी बन सकता है।
उन्होंने प्रदेश की सीमाओं पर एंट्री फीस और भारी टैक्स तथा वाणिज्यिक वाहनों पर बढ़ाए गए टैक्स को वापस लेने की मांग की। वर्मा ने कहा कि बिजली की बार-बार ट्रिपिंग और वोल्टेज में उतार-चढ़ाव से होटल कारोबारियों को नुकसान हो रहा है। जनरेटर चलाने पर अतिरिक्त डीजल खर्च करना पड़ रहा है।
चैल क्षेत्र का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि खराब सड़कों के कारण पर्यटक बसें नहीं पहुंच पातीं। इससे होटल कारोबार प्रभावित हुआ है और कई होटल एनपीए होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने सरकार से शीघ्र कदम उठाने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *