सोलन : अंतरराष्ट्रीय युवा विनिमय कार्यक्रम के तहत सोलन पहुंचे विदेशी छात्र, साई इंटरनेशनल स्कूल में हुआ स्वागत

लायंस क्लब सोलन वैली (डिस्ट्रिक्ट 321 ए-2) के तत्वावधान में आयोजित इंटरनेशनल स्टूडेंट यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत विभिन्न देशों के छात्र सोलन पहुंचे। इस अवसर पर साई इंटरनेशनल स्कूल में उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। स्कूल के अध्यक्ष रविंद्र बाबा ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न देशों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के तहत स्विट्जरलैंड, इटली, नीदरलैंड, तुर्की और ब्राजील सहित विभिन्न देशों के सात विदेशी छात्र तथा भारत के दो छात्र सोलन पहुंचे हैं। सभी प्रतिभागियों का सुबह रेलवे स्टेशन पर लायंस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्हें साई इंटरनेशनल स्कूल लाया गया, जहां परिचय कार्यक्रम और स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
विदेशी छात्रों को सोलन की सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के लिए विशेष भ्रमण कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके तहत छात्र जटोली मंदिर के दर्शन करेंगे तथा मोहन शक्ति हेरिटेज पार्क का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा शाम को माल रोड का भ्रमण, प्रेस क्लब एवं प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ संवाद और प्रेस वार्ता का भी आयोजन किया जाएगा, जहां छात्र अपने अनुभव साझा करेंगे।
रविंद्र बाबा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा। गट्टी स्थित सेनोसिटी फार्म में सभी छात्र 100 से अधिक पौधों का रोपण करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को विभिन्न देशों की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को समझने का अवसर प्रदान करते हैं तथा आपसी भाईचारे और वैश्विक सहयोग की भावना को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम प्रतिभागियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *