सोलन : विश्व पर्यटन दिवस पर माल रोड पर आयोजन, विंटर कार्निवल की तैयारी पर चर्चा

सोलन। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सोलन के माल रोड पर पर्यटन संवर्धन और जनजागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पर्यटन विकास अधिकारी पदमा नेगी (HAS), होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष एवं शेफ प्लैनेट होटल के मालिक जतिन साहनी सहित पर्यटन विभाग, होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन तथा कॉलेज विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान फिल्म ‘कुंडा’ की अभिनेत्री आशीष और उनकी टीम ने विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी पदमा नेगी ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य सोलन के पर्यटन स्थलों को अधिक प्रभावी ढंग से प्रचारित करना और लोगों को पर्यटन के महत्व के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभाग की ओर से विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं।
होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष जतिन साहनी ने बताया कि सोलन में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विभाग और एसोसिएशन के बीच लगातार चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि शहर में आगामी समय में विंटर कार्निवल आयोजित करने की योजना पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा शिमला की ओर जाने वाले पर्यटकों को सोलन की ओर आकर्षित करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्लो साइन बोर्ड लगाने की योजना भी प्रस्तावित है।
जतिन साहनी ने कहा कि सोलन में जटौली मंदिर, मोहन हेरिटेज पार्क और रेवा वाटरफॉल्स जैसे कई आकर्षक पर्यटन स्थल हैं, लेकिन इनकी जानकारी अधिक से अधिक पर्यटकों तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि पर्यटक इन स्थलों की ओर आकर्षित होते हैं और सोलन में ठहरते हैं तो इसका सीधा लाभ होटल और रेस्टोरेंट के साथ स्थानीय दुकानदारों तथा छोटे कारोबारियों को भी मिलेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *