सोलन। राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर नौणी पंचायत के पूर्व प्रधान मदन हिमाचली ने देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता जताते हुए पूरे देश में ‘एक देश, एक शिक्षा’ पद्धति लागू करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि भारत विविध संस्कृतियों, भाषाओं और परंपराओं वाला देश है, लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में सभी विद्यार्थियों को समान अवसर और एक जैसी शिक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए।
मदन हिमाचली ने कहा कि देश को अंग्रेजों के शासनकाल में लागू की गई मैकाले की शिक्षा प्रणाली से मुक्त होकर भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की अपनी गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा रही है और प्राचीन समय में भारतीय ज्ञान-विज्ञान का प्रभाव पूरी दुनिया में था। ऐसे में देश की शिक्षा प्रणाली में भारतीय विचारधारा और सांस्कृतिक विरासत को उचित स्थान मिलना चाहिए।
उन्होंने शिक्षा के लगातार बढ़ते व्यापारीकरण पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल आर्थिक लाभ कमाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना और उनमें अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना होना चाहिए। शिक्षा के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा और एकता को बढ़ावा मिलना चाहिए, न कि मतभेद पैदा होने चाहिए।
मदन हिमाचली ने विद्यार्थियों के लिए एक समान पारंपरिक वेशभूषा अपनाने का सुझाव भी दिया। उनके अनुसार इससे विद्यार्थियों में समानता और सामूहिकता की भावना मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जिसमें अमीर और गरीब सभी वर्गों के बच्चों को समान अवसर मिल सकें।
अंत में उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा दिवस की सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण आधार बताया।