सोलन पुलिस ने 41.22 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवकों को दबोचा, टैक्सी भी जब्त

सोलन। जिला सोलन पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 41.22 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशे की खेप बरामद करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टैक्सी को भी जब्त कर लिया है। मामले में पुलिस अब नशा सप्लाई करने वाले नेटवर्क की कड़ियां खंगालने में जुट गई है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक सोलन साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने अजी के पास विशेष नाकाबंदी की थी। इस दौरान आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी बीच पुलिस ने एक टैक्सी को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर टैक्सी में सवार दो युवकों के कब्जे से 41.22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर टैक्सी को भी अपने कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरज निवासी रन और अंकुर निवासी सपून के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि नशे की खेप के स्रोत और इसके आगे किए जाने वाले वितरण के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अंकुर ठाकुर पूर्व में भी चिट्टा तस्करी के मामलों में संलिप्त पाया गया है। ऐसे में पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। इसका उद्देश्य नशे की आपूर्ति करने वाले मुख्य लोगों और पूरे नेटवर्क तक पहुंचना है।
एसपी सोलन ने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस नशे के कारोबार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *