सोलन : शूलनी सुपर कप सीजन-3 में 64 टीमें, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

शहर के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में शूलनी सुपर कप सीजन-3 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में गेस्ट ऑफ ऑनर एवं यूथ आइकॉन भूपेंद्र ठाकुर ने शिरकत की। उन्होंने आयोजनकर्ताओं ओपी और वीरेंद्र का आभार जताते हुए कहा कि शूलनी सुपर कप को भविष्य में सोलन के ऐतिहासिक शूलनी मेले की तर्ज पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता का दायरा पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ाया गया है। टूर्नामेंट के लिए कुल 64 टीमों का पूल तैयार किया गया है और प्रतियोगिता करीब 10 दिनों तक चलेगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रतियोगिता को बड़े स्तर पर आयोजित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तर्ज पर पहचान दिलाने का लक्ष्य है।
उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर योग, जिम और नियमित कसरत के माध्यम से खुद को स्वस्थ और मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रखने के साथ अनुशासन और टीम भावना भी सिखाते हैं।
भूपेंद्र ठाकुर ने मोबाइल गेम्स के बढ़ते प्रचलन पर भी चिंता जताई। उन्होंने युवाओं से मोबाइल गेम्स से दूरी बनाकर मैदानी खेलों की ओर लौटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अधिक समय शारीरिक गतिविधियों और खेलकूद में देना चाहिए।
उन्होंने सोलनवासियों से ठोडो मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध करवाने और युवाओं को खेलों से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *