सोलन। संयुक्त पेंशनर्स संघर्ष समिति के आह्वान पर धर्मशाला में आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम के तहत दाड़ी मैदान में विशाल धरना-प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में प्रदेशभर से करीब 15 से 16 हजार पेंशनरों और विभिन्न बोर्डों व निगमों के कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद करते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग उठाई।
हिमाचल प्रदेश कॉर्पोरेट सेक्टर कोऑर्डिनेशन कमेटी जिला सोलन एवं संयुक्त पेंशनर समिति जिला सोलन के मीडिया प्रभारी विनोद कुमार गुप्ता ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि विधानसभा घेराव के लिए निर्धारित स्थान में बदलाव कर कार्यक्रम दाड़ी मैदान में आयोजित किया गया। हालांकि, स्थान परिवर्तन के बावजूद पेंशनरों और कर्मचारियों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
उन्होंने कहा कि सरकार की अनदेखी के चलते हजारों पेंशनरों और कर्मचारियों को अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। दाड़ी मैदान में उमड़ी भारी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश के पेंशनर और कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए एकजुट हैं।
विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि पेंशनरों और बोर्डों व निगमों के कर्मचारियों की पेंशन सहित कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। सरकार को इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याओं को समझते हुए उनकी मांगों का शीघ्र समाधान करेगी।
सोलन : दाड़ी मैदान में जुटे 15 से 16 हजार पेंशनर और कर्मचारी, लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ भरी हुंकार