सोलन। सोलन में निर्माणाधीन मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल को लेकर भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप की ओर से लगाए गए आरोपों पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुभाष बरमानी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को स्वास्थ्य सुविधाओं के मुद्दे पर बयानबाजी करने से पहले अपने कार्यकाल का रिकॉर्ड देखना चाहिए। भाजपा सरकार के कार्यकाल में सोलन में निजी अस्पतालों का निर्माण हुआ, जबकि कांग्रेस सरकार शहर में सरकारी मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण करवा रही है।
सुभाष बरमानी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल के प्रयासों से सोलन में मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है, जिससे जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के लिए बजट का उचित प्रावधान किया गया है और निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जा रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा नेता की ओर से स्वास्थ्य मंत्री पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि विपक्ष विकास कार्यों को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को जनता के सामने तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए, न कि बिना आधार के आरोप लगाने चाहिए।
बरमानी ने चेतावनी दी कि यदि स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य हैं तो उन्हें सार्वजनिक किया जाए। बिना प्रमाण के आरोप लगाने की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार का उद्देश्य सोलन में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।
सोलन में निजी अस्पताल भाजपा शासन में बने, कांग्रेस सरकार करवा रही मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण : सुभाष बरमानी