सोलन विकास खंड की 21 पंचायतों की समीक्षा, विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

सोलन। विकास खंड सोलन की 21 पंचायतों के प्रधानों, पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सेवकों और तकनीकी सहायकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी मंजुला कंवर ने की। उन्होंने बताया कि शेष पंचायतों के प्रतिनिधियों और कर्मचारियों के साथ बैठक आगामी दिन आयोजित की जाएगी।
बैठक में पंचायतवार विभिन्न मदों के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और उनकी वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। बीडीओ ने संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में वीबी जी राम जी योजना के तहत कार्य दिवस सृजन की धीमी प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को अधिक से अधिक कार्य दिवस सृजित करने के लिए लोगों को योजना से जोड़ने और आवश्यक स्तर पर मोबिलाइजेशन करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत पंचायतों के पास उपलब्ध शेष धनराशि के उपयोग को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। जिन पंचायतों के पास इस मद में राशि बची हुई है, उन्हें 15 दिनों के भीतर उसका निर्धारित कार्यों में उपयोग सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, 15वें वित्त आयोग के तहत अप्रयुक्त राशि के शीघ्र और उचित उपयोग पर भी चर्चा की गई।
बैठक में ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन को लेकर भी रणनीति पर विचार-विमर्श हुआ। विकास खंड की 14 पंचायतों में ई-रिक्शा उपलब्ध करवाए गए हैं। इनके माध्यम से कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पंचायत स्तर पर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बीडीओ ने बताया कि 2 अक्टूबर को होने वाली ग्राम सभा में स्वच्छता से जुड़े विषयों पर विशेष चर्चा की जाएगी। इस दौरान प्रत्येक पंचायत में स्वच्छता शुल्क निर्धारित करने तथा एसएलडब्ल्यूएम नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माने के प्रावधानों पर भी विचार किया जाएगा। BITE – Manjula kanwar BDO

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *