सोलन में रफी नाइट सीजन-11 का आगाज, संगीत प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

सोलन। विजय फोरम की ओर से आयोजित रफी नाइट सीजन-11 का सोलन में विधिवत शुभारंभ हो गया। दो दिवसीय आयोजन में उत्तरी भारत के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम के प्रथम सत्र का शुभारंभ नगर निगम सोलन की मेयर सुषमा शर्मा ने किया।
विजय फोरम के अध्यक्ष तरसेम भारती ने बताया कि संगीत के क्षेत्र में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 11 वर्ष पहले रफी नाइट की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि इस मंच से अब तक सात इंडियन आइडल प्रतिभागी सामने आ चुके हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पारंपरिक मेलों में प्रस्तुति देने वाले कई गायक भी रफी नाइट से जुड़े रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आयोजन के दूसरे सत्र में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि समापन समारोह में लोकायुक्त जस्टिस सीपी बरवालिया मुख्य अतिथि होंगे।
तरसेम भारती ने बताया कि विजय फोरम पिछले 30 वर्षों से सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय है। संस्था की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग, जरूरतमंदों के लिए दवाइयों की व्यवस्था, पौधरोपण, रक्तदान, छात्र कल्याण, महिला सशक्तिकरण और नशामुक्ति जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता न मिलने पर किसी को निराश होने की जरूरत नहीं है। प्रतिभागी लगातार अभ्यास करें और अगले वर्ष फिर से बेहतर तैयारी के साथ मंच पर लौटें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *