सोलन में त्योहारों को लेकर पुलिस सतर्क, बाजारों में गश्त और बाहरी लोगों का सत्यापन शुरू

सोलन। करवा चौथ और दिवाली के त्योहारों को देखते हुए सोलन पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और संभावित आपराधिक घटनाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने विशेष गश्त, रात्रि नाकाबंदी और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन का अभियान शुरू किया है। एएसपी सोलन रमेश शर्मा ने बताया कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
एएसपी ने बताया कि शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। थाना और चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही रात के समय नाकाबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
रमेश शर्मा ने विशेष रूप से महिलाओं से खरीदारी के दौरान सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने पर्स, नकदी और आभूषणों का ध्यान रखें तथा अनजान लोगों के प्रति सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए व्यापार मंडल के साथ भी बैठक की जाएगी, ताकि दुकानदारों और पुलिस के बीच समन्वय स्थापित किया जा सके।
एएसपी के अनुसार, बाजारों में बिना अनुमति कारोबार करने वाले लोगों के खिलाफ नगर निगम के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। ऐसे लोगों को मौके से हटाने के साथ उनके नाम और पते दर्ज किए जा रहे हैं। इसके अलावा संबंधित व्यक्तियों का उनके पैतृक थानों से पुलिस सत्यापन करवाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *