शहर में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण और अवैध रेहड़ी-फड़ी के कारण राहगीरों को हो रही परेशानी का मामला सामने आया है। स्थानीय व्यापारी राजेंद्र कुमार ने नगर निगम और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
राजेंद्र कुमार ने कहा कि शहर के कई स्थानों पर सड़क किनारे फड़ियां और अस्थायी दुकानें लगने से पैदल चलने वालों के लिए रास्ता बाधित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चिल्ड्रन्स पार्क के समीप मोमोज, अंडे और सब्जियां बेचने वाले कुछ फड़ी संचालक नगर निगम की टीम के पहुंचने से पहले ही अपना सामान समेटकर वहां से चले जाते हैं।
उन्होंने कहा कि जब नगर निगम की टीम डीसी ऑफिस चौक की ओर पहुंचती है, तब अचानक पूरा बाजार खाली दिखाई देने लगता है। इससे कार्रवाई की प्रक्रिया और सूचना लीक होने को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।
राजेंद्र कुमार ने जिला प्रशासन से मांग की कि दुकानदारों को अपना सामान निर्धारित सीमा के भीतर और दुकान के शटर के अंदर रखने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने कहा कि मॉल रोड पर शाम पांच बजे के बाद लगने वाली रेहड़ी-फड़ियों के कारण पैदल चलने के लिए बनाए गए पैराफिट पर भी लोगों को परेशानी होती है।
उन्होंने प्रशासन से रेहड़ी-फड़ी लगाने के लिए स्पष्ट स्थान निर्धारित करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। व्यापारी का कहना है कि अतिक्रमण से न केवल राहगीरों को परेशानी होती है, बल्कि शहर की यातायात और बाजार व्यवस्था भी प्रभावित होती है।