सोलन अस्पताल में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठाया गया है। अस्पताल में नए चिकित्सक के कार्यभार संभालने के बाद आंखों से संबंधित ऑपरेशनों के जल्द नियमित रूप से शुरू होने की उम्मीद जगी है। इससे सोलन तथा आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश पंवर ने बताया कि अस्पताल में नेत्र रोगियों के उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और बुनियादी ढांचा पहले से उपलब्ध है। चिकित्सक की उपलब्धता नहीं होने के कारण नेत्र ऑपरेशन प्रभावित हो रहे थे। अब नए चिकित्सक के आने से यह सुविधा दोबारा सुचारू होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि नेत्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को ऑपरेशन और उपचार के लिए दूसरे बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। नई व्यवस्था के बाद स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को आवश्यक उपचार और ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे मरीजों का समय और अतिरिक्त खर्च भी बचेगा।
डॉ. पंवर ने बताया कि अस्पताल में नेत्र ऑपरेशनों के नियमित संचालन से राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम को भी मजबूती मिलेगी। इसके तहत जरूरतमंद मरीजों को समय पर जांच, उपचार और आवश्यक ऑपरेशन उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं। नेत्र चिकित्सा सेवाओं के नियमित होने से सोलन और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सोलन अस्पताल में जल्द शुरू होंगे नेत्र ऑपरेशन, नए चिकित्सक की नियुक्ति से मरीजों को राहत