शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र के धार गांव के बागवान बिशन सिंह होटा ने सोलन फल मंडी में सेब और नाशपाती के विपणन को लेकर अपने जमीनी अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस बार सेब की फसल के साथ-साथ आकार भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा है। ऐसे में कम उत्पादन के बावजूद बागवानों को मनमाफिक दाम मिलने में परेशानी हो रही है।
बिशन सिंह के अनुसार, सोलन मंडी में आढ़त नंबर 112 पर निशु के माध्यम से उनकी छोटी साइज के सेब की खेप करीब 2500 रुपये प्रति बॉक्स के भाव से बिकी। वहीं रेड गोल्डन सेब को करीब 1500 रुपये प्रति बॉक्स का भाव मिला। मंडी में नाशपाती भी करीब 900 रुपये प्रति बॉक्स के दाम पर बिक रही है।
उन्होंने बताया कि जुब्बल तहसील में इस बार मानसून की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही है। हालांकि मौसम की परिस्थितियों के कारण सेब का आकार प्रभावित हुआ है। बागवानों को उम्मीद थी कि कम फसल के चलते बाजार में बेहतर दाम मिलेंगे, लेकिन अभी स्थिति उम्मीद के मुताबिक नहीं है।
बिशन सिंह ने प्रदेश के बागवानों से फसल तोड़ने में जल्दबाजी न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सेब को पर्याप्त रंग और पकाव आने के बाद ही पेड़ों से उतारा जाए। साथ ही बागवान सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मंडी के भावों की जानकारी लेते रहें, ताकि सही समय पर फसल मंडी पहुंचाकर बेहतर मूल्य प्राप्त किया जा सके।
सोलन मंडी में सेब-नाशपाती के दामों पर बागवानों की नजर, जुब्बल के बिशन सिंह ने दी जल्दबाजी न करने की सलाह