सोलन मंडी का बागवानी मंत्री ने लिया जायजा, प्रदेश में 2 करोड़ से अधिक सेब पेटियों का अनुमान

हिमाचल प्रदेश में सेब सीजन शुरू होने के साथ ही विभिन्न फल मंडियों में सेब की आवक बढ़ रही है। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोलन फल मंडी का दौरा कर सेब सीजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आढ़तियों और बागवानों से बातचीत कर फसल, दाम और भुगतान से संबंधित जानकारी भी ली।
मंत्री ने बताया कि सोलन जिले में हाई डेंसिटी एप्पल प्लांटेशन को बढ़ावा देने के अच्छे परिणाम सामने आए हैं। इस वर्ष सोलन के बागवानों को औसतन करीब 250 रुपये प्रति किलो तक का भाव मिला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मंडियों में अब तक करीब 45 लाख पेटी सेब पहुंच चुका है। इस बार उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में कुछ कम रहने का अनुमान है, लेकिन कुल उत्पादन दो करोड़ पेटियों से अधिक रहने की संभावना है।
जगत सिंह नेगी ने दो वर्ष पहले लागू की गई यूनिवर्सल कार्टन व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि व्यवस्था सामान्य रूप से चल रही है, हालांकि छह लेयर के पित्तू शेप वाले सेब के लिए कार्टन छोटा पड़ रहा है। सरकार इस समस्या के समाधान पर विचार करेगी।
बागवानों की ओर से महंगी और गुणवत्ताहीन दवाइयों की शिकायत पर मंत्री ने कहा कि विभाग नियमित रूप से दवाइयों के नमूने लेता है। इस वर्ष नामी कंपनियों से सीधे दवाइयां खरीदकर विभागीय बिक्री केंद्रों के माध्यम से एमआरपी से कम कीमत पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
भुगतान में देरी की शिकायतों पर मंत्री ने आढ़तियों को लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बागवानों के भुगतान में अनियमितता या देरी करने वालों के खिलाफ एपीएमसी के साथ मिलकर कार्रवाई की जाएगी।
BITE -बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *