सोलन। शिमला से नेपाल जा रहे नेपाली मूल के एक व्यक्ति को सोलन में बस से उतारकर 85 हजार रुपये लूटने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने उसे बातों में उलझाकर शराब पिलाने का लालच दिया और मोहन पार्क ले गया, जहां पहले से मौजूद तीन युवकों ने उसके साथ मारपीट कर नकदी छीन ली। पीड़ित तनु सालभर मेहनत करके कमाई गई रकम लेकर अपने घर नेपाल लौट रहा था। घटना के बाद उसकी सारी जमा पूंजी लुट गई और वह बेबस रह गया।
जानकारी के अनुसार, तनु शिमला से बस में सवार होकर नेपाल जा रहा था। इसी दौरान बस में मिले नेपाली मूल के एक अन्य व्यक्ति ने उससे बातचीत शुरू की। आरोप है कि उसने तनु को अपने झांसे में लेकर सोलन में बस से उतरने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद शराब पिलाने के बहाने उसे मोहन पार्क ले गया। वहां पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने कथित तौर पर तनु के साथ मारपीट की और उसके पास मौजूद 85 हजार रुपये लेकर फरार हो गए।
इस घटना ने शहर में बाहरी राज्यों से आने वाले मेहनतकश लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित के पास इतनी बड़ी रकम होने की जानकारी आरोपियों को कैसे मिली, यह भी जांच का विषय है। हालांकि, किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। तनु ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।
उधर, लूट की घटना से परेशान तनु की मदद के लिए समाजसेवी जॉनी मेहता आगे आए। उन्होंने उसे आर्थिक सहायता प्रदान की, जिससे तनु के लिए नेपाल लौटने का रास्ता आसान हो सका। मेहनत की कमाई गंवाने के बाद संकट में फंसे व्यक्ति को मिली इस मदद से उसे राहत मिली है।
सोलन में नेपाली व्यक्ति से 85 हजार रुपये की लूट, शराब पिलाने के बहाने मोहन पार्क ले जाकर की मारपीट