सोलन में खुले में कचरा फेंकने वालों से नगर निगम की अपील, डोर-टू-डोर व्यवस्था का लें लाभ

सोलन। शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम सोलन ने लोगों से खुले में कचरा न फेंकने और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करने की अपील की है। नगर निगम के डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने कहा कि शहर को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम के साथ आम जनता का सहयोग भी जरूरी है।
गौरव राजपूत ने बताया कि नगर निगम सोलन पिछले करीब नौ वर्षों से शहर में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की व्यवस्था चला रहा है। निगम के सफाई कर्मचारी प्रतिदिन घर-घर जाकर कचरा एकत्र करते हैं। इसके बावजूद शहर के कई हिस्सों में लोग खुले में बने संग्रह बिंदुओं पर कचरा डाल रहे हैं, जिससे स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में बनाए गए ओपन पॉइंट आम जनता के लिए कचरा डालने के स्थान नहीं हैं। इन स्थानों का उपयोग नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा घरों से एकत्र किए गए कचरे को अस्थायी रूप से रखने के लिए किया जाता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपना कचरा खुले में या इन संग्रह बिंदुओं पर न डालें और घर पहुंचने वाले सफाई कर्मचारियों को ही सौंपें।
डिप्टी मेयर ने कहा कि यदि किसी घर या क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा लेने वाला कर्मचारी नियमित रूप से नहीं पहुंच रहा है तो इसकी सूचना संबंधित वार्ड पार्षद, नगर निगम अधिकारियों या उन्हें दी जा सकती है। शिकायत मिलने पर व्यवस्था को दुरुस्त करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने माना कि व्यवस्था में कुछ कमियां हो सकती हैं, लेकिन जनसहयोग से उन्हें दूर किया जा सकता है। उन्होंने सोलनवासियों से शहर की स्वच्छता बनाए रखने और नगर निगम की कचरा प्रबंधन व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *