सोलन में अवैध मोटरों पर नगर निगम का शिकंजा, सात मोटरें जब्त; 92 लाख की एरियर रिकवरी

सोलन। शहर में पानी के कम दबाव की शिकायतों को देखते हुए नगर निगम सोलन ने मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन से सीधे मोटरें लगाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। नगर निगम की एसडीओ अल्पना ठाकुर ने बताया कि मुख्य पाइपलाइन से अवैध रूप से मोटरें जोड़ने के कारण जल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और कई क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था।
उन्होंने बताया कि शक्ति नगर क्षेत्र में पानी का दबाव कम होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर नगर निगम की टीम ने मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि कुछ उपभोक्ताओं ने मुख्य जलापूर्ति लाइन से सीधे मोटरें जोड़ रखी थीं। इससे मोटर चलने वाले स्थानों पर पानी खिंच जाता है और आसपास के अन्य घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता।
एसडीओ के अनुसार, नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए शक्ति नगर से तीन डायरेक्ट मोटरें जब्त की हैं। इससे पहले लक्कड़ बाजार क्षेत्र में भी अभियान चलाकर चार मोटरें हटाई गई थीं। इस तरह दोनों क्षेत्रों से अब तक सात मोटरें जब्त की जा चुकी हैं। संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। जब्त मोटरों के संबंध में आगे का निर्णय उच्चाधिकारियों से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुसार लिया जाएगा।
वहीं, पानी के बकाया बिलों की वसूली को लेकर भी नगर निगम ने अभियान दोबारा तेज कर दिया है। अल्पना ठाकुर ने बताया कि लंबित जल बिलों के वितरण के कारण कुछ समय के लिए एरियर रिकवरी अभियान रोकना पड़ा था। अब बिल वितरण का कार्य पूरा होने के बाद बकाया राशि वसूलने की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी गई है। नगर निगम सोलन अब तक करीब 92 लाख रुपये की एरियर रिकवरी कर चुका है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *