सोलन। कांग्रेस सरकार की गारंटियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल 14 अक्टूबर को धरना-प्रदर्शन करेगा। भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए वादों को पूरा नहीं किया है। इसके विरोध में भाजपा कार्यकर्ता प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ रोष जताएंगे।
शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि 14 अक्टूबर 2022 को प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित प्रतिज्ञा रैली के दौरान 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आर्थिक सहायता देने और पहली कैबिनेट में युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की गारंटी दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को सत्ता में आए चार वर्ष होने जा रहे हैं, लेकिन चुनाव के दौरान किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता देने के वादे के अनुसार अब तक प्रत्येक पात्र महिला को 72 हजार रुपये मिलने चाहिए थे, लेकिन महिलाओं को इसका लाभ नहीं मिला है। उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे पर भी प्रदेश सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय सरकार अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे कर जनता का समर्थन हासिल किया, लेकिन सत्ता में आने के बाद उन्हें पूरा करने में सरकार विफल रही।
उन्होंने बताया कि 14 अक्टूबर को होने वाले प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा जाएगा। भाजपा ने सरकार से चुनावी गारंटियों को पूरा करने की मांग उठाने का ऐलान किया है।
सोलन में 14 अक्टूबर को भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप