सोलन में कविंद्र गुप्ता ने पर्यावरण संरक्षण और धारा 370 पर रखे विचार

जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कविंद्र गुप्ता ने सोलन में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने को लेकर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है, लेकिन जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वार्मिंग के बढ़ते प्रभावों के बीच पर्यावरण संरक्षण आज बड़ी चुनौती बन गया है।
गुप्ता ने कहा कि अनियोजित और अंधाधुंध निर्माण तथा प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से पर्यावरण पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का उल्लेख करते हुए लोगों से इसे जनअभियान बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पौधारोपण और उनके संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
जम्मू-कश्मीर का जिक्र करते हुए गुप्ता ने कहा कि धारा 370 लंबे समय तक प्रदेश के विकास में बाधा बनी रही। उनके अनुसार, इसके कारण अलगाववाद, आतंकवाद और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं को बढ़ावा मिला। उन्होंने कहा कि 5 अगस्त 2019 को धारा 370 हटाए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर में परिस्थितियों में व्यापक बदलाव आया है।
उन्होंने दावा किया कि धारा 370 हटने के बाद वहां विकास कार्यों को गति मिली और आम लोगों में राष्ट्र के प्रति विश्वास तथा जुड़ाव मजबूत हुआ है। गुप्ता ने कहा कि देशहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तुष्टिकरण की राजनीति से ऊपर उठकर विकास और राष्ट्रीय एकता पर ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को भी राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *