सोलन में सीआईटीयू का केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन, जेल भरो आंदोलन की चेतावनी

केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों और चार श्रम संहिताओं के विरोध में देशभर में चलाए जा रहे आंदोलन के समर्थन में सोलन में भी सीआईटीयू ने आवाज बुलंद की है। सीआईटीयू के जिला अध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों से मजदूरों, किसानों और आम लोगों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
राकेश कुमार ने कहा कि चार श्रम संहिताओं के लागू होने से श्रमिकों के अधिकार कमजोर होंगे और रोजगार की सुरक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने श्रमिक संगठनों की मांगों पर सरकार से गंभीरता से विचार करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि देशव्यापी आंदोलन के तहत मजदूर संगठनों की ओर से जेल भरो और रास्ता रोको आंदोलन किया जा रहा है। सीआईटीयू ने भी इन आंदोलनों को समर्थन देते हुए श्रमिकों को एकजुट होने का आह्वान किया है।
सीआईटीयू जिला अध्यक्ष ने किसानों की समस्याओं का समाधान करने और उनकी फसलों का उचित मूल्य सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि खेती से जुड़े लोगों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है।
उन्होंने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं समेत अन्य स्कीम वर्कर्स की मांगों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन, रोजगार की सुरक्षा और अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं मिलनी चाहिए।
राकेश कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ श्रमिक, किसान और कर्मचारी संगठनों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *