जोगिंद्रा बैंक की OTS पॉलिसी 1 अक्टूबर से होगी लागू

सोलन। जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक बुधवार को बैंक के बाईपास स्थित मुख्यालय में चेयरमैन मुकेश शर्मा एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में बैंक के कामकाज, वित्तीय स्थिति, ऋण वसूली और एनपीए खातों सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में कुल 92 एजेंडे प्रस्तुत किए गए, जिनमें से अधिकांश पर विचार-विमर्श के बाद आवश्यक निर्णय लिए गए। शेष एजेंडों पर चर्चा के लिए अगले सप्ताह बोर्ड की बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में पुराने एनपीए खातों के समाधान के लिए वन टाइम सेटलमेंट (OTS) पॉलिसी लागू करने का निर्णय लिया गया। यह पॉलिसी 1 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी। इसके तहत पात्र पुराने एनपीए खाताधारकों को निर्धारित नियमों व शर्तों के अनुसार अपने बकाया ऋण खातों का निपटारा करने का अवसर मिलेगा।
चेयरमैन मुकेश शर्मा ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में बैंक ने 21.58 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया है, जबकि बैंक का नेट एनपीए शून्य रहा। उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में बैंक के कारोबार के विस्तार, ऋण वसूली को प्रभावी बनाने और ग्राहकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाएं देने पर विशेष ध्यान रहेगा।
बैठक में निदेशक योगेश भारतीया, विजय ठाकुर, लाज किशोर, रोशन ठाकुर, लक्ष्मी ठाकुर, जितेंद्र ठाकुर, अजगर अली और प्रबंध निदेशक पंकज सूद मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *