रामनगर के दशहरा उत्सव में पहुंचे जयराम ठाकुर, स्वदेशी अपनाने का किया आह्वान

शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मंगलवार को शिमला में राम नगर यूथ क्लब की ओर से आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को दशहरे की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। उन्होंने कहा कि दशहरा असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। हिमाचल प्रदेश की संस्कृति में इस पर्व का विशेष महत्व है और कुल्लू का दशहरा विश्वभर में प्रसिद्ध है।
जयराम ठाकुर ने आगामी दीपावली के मद्देनजर लोगों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के अनुरूप ‘वोकल फॉर लोकल’ को जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है। स्थानीय उत्पादों को अपनाकर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ छोटे कारोबारियों, किसानों, कारीगरों और युवाओं को भी प्रोत्साहित किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सेब, हस्तशिल्प और प्राकृतिक उत्पादों सहित कई ऐसे स्थानीय उत्पाद हैं, जिन्हें बढ़ावा देकर रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देना आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प देशवासियों के सामने रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने वर्ष 2012 से लगातार दशहरा उत्सव आयोजित करने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए राम नगर यूथ क्लब की सराहना की। उन्होंने क्लब के पदाधिकारियों और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता सुरेश भारद्वाज, भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान, पूर्व भाजपा प्रत्याशी संजय सूद, स्थानीय पार्षद, राम नगर यूथ क्लब के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *