बरसात के मौसम में पशुओं को घातक बीमारियों से बचाने के लिए पशुपालन विभाग सोलन ने गलगोटू (एचएस) और लंगड़ापन (बीक्यू) रोग की रोकथाम हेतु विशेष संयुक्त टीकाकरण अभियान शुरू किया है। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. विवेक लांबा ने बताया कि जिले के सभी पशु चिकित्सालयों एवं केंद्रों पर वैक्सीन उपलब्ध करा दी गई है और विभागीय टीमें घर-घर जाकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगी।
उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान गलगोटू रोग का खतरा काफी बढ़ जाता है। यह बीमारी पशुओं के लिए जानलेवा साबित हो सकती है और कई मामलों में संक्रमित पशु की कुछ ही घंटों में मृत्यु हो जाती है। वहीं, संयुक्त वैक्सीन से बैलों में होने वाले लंगड़ापन रोग की रोकथाम भी की जाएगी।
डॉ. लांबा ने बताया कि जिले के लिए 1.5 लाख वैक्सीन डोज उपलब्ध कराई गई हैं। अब तक करीब 10 हजार पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है और अगले 10 से 15 दिनों के भीतर पूरे जिले में अभियान पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सभी पशुपालकों से विभाग की टीमों का सहयोग करने और समय पर अपने पशुओं का टीकाकरण करवाने की अपील की।
उन्होंने बताया कि इससे पहले मुंह-खुर रोग के खिलाफ चलाए गए टीकाकरण अभियान में जिले ने 90 से 95 प्रतिशत कवरेज हासिल की थी। विभाग को उम्मीद है कि इस अभियान में भी व्यापक जनसहयोग मिलेगा और जिले के अधिक से अधिक पशुओं को घातक बीमारियों से सुरक्षित किया जा सकेगा।