सोलन नगर निगम में भाजपा का कब्जा, सुषमा शर्मा मेयर और गौरव राजपूत डिप्टी मेयर निर्वाचित

नगर निगम सोलन के मेयर और डिप्टी मेयर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर दोनों पदों पर कब्जा कर लिया। सुषमा शर्मा मेयर और गौरव राजपूत डिप्टी मेयर निर्वाचित हुए। जीत के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे लोकतंत्र की जीत बताते हुए उत्सव मनाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि यह जीत माता शूलिनी के आशीर्वाद और सोलन की जनता के विश्वास का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब और सत्ता के दुरुपयोग का प्रयास किया, लेकिन भाजपा समर्थित पार्षद एकजुट रहे और जनता के विश्वास पर खरे उतरे।
विधायक बलबीर वर्मा ने भी जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि पार्षदों ने सभी राजनीतिक दबावों का डटकर सामना किया और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की।
नवनिर्वाचित मेयर सुषमा शर्मा ने पार्टी नेतृत्व और पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता नगर निगम के सभी वार्डों का समान एवं संतुलित विकास होगा। वहीं डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने कहा कि वे पूरे शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने सभी पार्षदों और नागरिकों के सहयोग से सोलन को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने का संकल्प व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *