पंचायत चुनावों को लेकर सोलन ब्लॉक की 39 पंचायतों में चुनावी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। प्रधान, उप-प्रधान और पंचायत सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) मंजुला कंवर ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया 7, 9 और 11 मई को संपन्न हुई, जबकि प्राप्त नामांकन पत्रों की जांच का कार्य भी पूरा कर लिया गया है।
बीडीओ मंजुला कंवर के अनुसार, पंचायत चुनावों के लिए कुल 719 नामांकन प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए तहसीलदार कार्यालय के माध्यम से करीब 51 उम्मीदवारों के चुनाव मैदान में होने की जानकारी मिली है। इस बार पंचायत चुनावों में प्रत्याशियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई पंचायतों में प्रधान पद के लिए पांच से सात उम्मीदवार आमने-सामने हैं, जबकि एक पंचायत में उप-प्रधान पद के लिए ही सात प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर मुकाबले को रोचक बना दिया है।
उन्होंने बताया कि 13 और 14 मई को नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। इसके बाद 15 मई को अंतिम सूची जारी होने पर चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी।
योग्यता के सवाल पर बीडीओ ने कहा कि पंचायत चुनावों के लिए कोई विशेष शैक्षणिक मापदंड निर्धारित नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास और समर्थन ही सबसे बड़ी योग्यता है तथा मतदाता अपने विवेक के आधार पर सर्वप्रिय उम्मीदवार का चयन करेंगे।
सोलन ब्लॉक की पंचायतों में बढ़ती चुनावी गतिविधियों के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा गया है और प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं।