शहर में देर रात डिलीवरी देने निकले ब्लिंकइट राइडर के साथ मारपीट, स्कूटी को नुकसान पहुंचाने और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट साथी डिलीवरी राइडरों ने एकजुट होकर थाने का घेराव किया और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग उठाई।
पीड़ित राइडर अनूप, जो मूल रूप से सिरमौर जिले के नोहराधार-हरिपुरधार क्षेत्र के रहने वाले हैं और सोलन में काम करते हैं, ने बताया कि वह लक्कड़ बाजार के लिए डिलीवरी लेकर जा रहे थे। ठोडो ग्राउंड के पास डिलीवरी लोकेशन पर पहुंचने पर एक व्यक्ति बाहर आया और उनके साथ विवाद करने लगा। अनूप के अनुसार, व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की, रेनकोट फाड़ दिया और स्कूटी को नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि इसी दौरान व्यक्ति ने छोटी पिस्तौल दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
अनूप ने बताया कि घटना के बाद रात करीब 2 से 2:30 बजे पुलिस को शिकायत दी गई। सुबह तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर राइडरों में रोष फैल गया। साथी राइडर अंकुर ने बताया कि राइडरों ने स्वयं पहल करते हुए अनूप का मेडिकल करवाया, ताकि घटना से संबंधित साक्ष्य सुरक्षित रह सकें।
इसके बाद राइडरों ने थाने पहुंचकर घेराव किया और पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। राइडरों के अनुसार, पुलिस ने बाद में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही।
अंकुर ने कहा कि रात 12 बजे के बाद डिलीवरी का काम करने वाले राइडरों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। उन्होंने शहर में रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपी की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। राइडरों ने कहा कि देर रात काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।