सोलन में कॉर्पोरेट पेंशनरों का सरकार को अल्टीमेटम, मार्च में परिवार सहित सचिवालय घेराव की चेतावनी

सोलन। हिमाचल प्रदेश कॉर्पोरेट सेक्टर रिटायरीज़ कोऑर्डिनेशन कमेटी ने धर्मशाला में विधानसभा घेराव के बाद पेंशनभोगियों और संगठन के पदाधिकारियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर नाराजगी जताई है। सोलन में आयोजित बैठक में संगठन के राज्य अतिरिक्त महासचिव एवं जिला महासचिव सफदर हुसैन और जिला प्रेस सचिव विनोद कुमार गुप्ता ने सरकार से एफआईआर वापस लेने तथा पेंशन संबंधी मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।
सफदर हुसैन ने बताया कि 19 नवंबर को धर्मशाला में करीब 17 से 18 विभागों के हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन से पहले सरकार और मुख्यमंत्री को इसकी सूचना दी गई थी। प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए बुलाया गया, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। इसके बाद प्रदर्शनकारी नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई।
विनोद कुमार गुप्ता ने कहा कि 32 से 35 वर्ष तक सेवाएं देने वाले बुजुर्ग कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेंशन कोई मांग या भीख नहीं, बल्कि कर्मचारियों का अधिकार है।
पदाधिकारियों ने सरकार से एफआईआर वापस लेने और पेंशनभोगियों के साथ विशेष बैठक कर समस्याओं का समाधान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो मार्च में प्रदेशभर के पेंशनभोगी अपने परिवारों के साथ शिमला पहुंचकर सचिवालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *