सोलन। नगर निगम सोलन और पंजाब की संस्था एक्ट ह्यूमन फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से शहर के चिल्ड्रन पार्क को दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के अनुकूल बनाया गया है। इस परियोजना का उद्घाटन नगर निगम के डिप्टी मेयर गौरव राजपूत और फाउंडेशन की संस्थापक हरलीन कौर की उपस्थिति में किया गया।
पार्क के मुख्य द्वार पर प्रवेश और निकास के लिए रैंप बनाया गया है, जिससे व्हीलचेयर पर आने वाले दिव्यांगजन और बुजुर्ग आसानी से पार्क में पहुंच सकेंगे। इसके अलावा दृष्टिबाधित लोगों की सुविधा के लिए रेलिंग और टैक्टाइल टाइल्स भी लगाई गई हैं।
डिप्टी मेयर गौरव राजपूत ने कहा कि इस पहल से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि भविष्य में फोरलेन के समीप अनुमति लेकर सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा। नगर निगम और फाउंडेशन मिलकर जनहित से जुड़े अन्य कार्य भी करेंगे।
हरलीन कौर ने बताया कि इस परियोजना पर करीब डेढ़ से दो साल पहले काम शुरू किया गया था। नगर निगम आयुक्त राजीव खैरा के मार्गदर्शन में इसे पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य सार्वजनिक स्थलों को दिव्यांग-अनुकूल बनाने के साथ-साथ जरूरतमंद सरकारी स्कूलों का जीर्णोद्धार भी किया जाएगा। BITE – नगर निगम सोलन डिप्टी मेयर गौरव राजपूत, हरलीन कौर फाउंडर एक्ट ह्यूमन फाउंडेशन