सोलन में 24 सितंबर को होगा कांग्रेस का ‘आगाज’ कार्यकर्ता सम्मेलन, एक हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा

सोलन विधानसभा कांग्रेस की ओर से 24 सितंबर को मुरारी मार्केट में आम कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन को ‘आगाज’ नाम दिया गया है। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार सम्मेलन के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने पर चर्चा की जाएगी।
प्रेस वार्ता में सोलन निर्वाचन क्षेत्र कांग्रेस अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य अमित ठाकुर ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सह-प्रभारी विधि चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और स्थानीय वरिष्ठ नेता एवं मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे।
अमित ठाकुर ने कहा कि ‘आगाज’ सम्मेलन में सोलन विधानसभा क्षेत्र के शहरी और ग्रामीण इलाकों से बूथ स्तर तक के कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे। उन्होंने दावा किया कि सम्मेलन में करीब एक हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन के जमीनी कार्यकर्ताओं से संवाद करना और आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों को गति देना है।
उन्होंने कहा कि सोलन विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर पर सक्रिय किया जा रहा है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को सम्मेलन में एक मंच पर लाकर संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
अमित ठाकुर ने कहा कि सोलन कांग्रेस आगामी चुनावों के लिए पूरी एकजुटता के साथ तैयारी कर रही है। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की भूमिका, संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *