सोलन सब्जी मंडी में इन दिनों सब्जियों के दाम आवक, मांग और गुणवत्ता के अनुसार बदल रहे हैं। मंडी स्थित तिलकराज साहनी एंड संस, दुकान नंबर 15 के अनुसार प्याज के भाव में 4 से 5 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है। मंडी में प्याज 38 से 47 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। गुणवत्ता के अनुसार अलग-अलग भाव बने हुए हैं।
अदरक के दाम 30 से 60 रुपये प्रति किलो के बीच चल रहे हैं। अच्छी रंगत वाली लाल अदरक 50 से 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रही है, जबकि हल्की और कम रंगत वाली अदरक 30, 35 और 40 रुपये प्रति किलो के आसपास है।
टमाटर का सीजन अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। मंडी में इसकी आवक काफी कम हो गई है। टमाटर की गुणवत्ता के अनुसार 100 रुपये से लेकर 600 रुपये तक के भाव दर्ज किए गए। प्रीमियम क्वालिटी का टमाटर 600 रुपये तक बिका, जबकि कमजोर गुणवत्ता वाले माल के दाम काफी कम रहे।
बीन्स के दामों में तेजी देखने को मिली है। अच्छी गुणवत्ता की बीन्स 40 से 44 रुपये प्रति किलो तक बिकी, जबकि हल्की गुणवत्ता वाली बीन्स 10 से 30 रुपये प्रति किलो के बीच रही। मंडी आढ़ती के अनुसार फसल का दूसरा चक्र शुरू होने के बाद बीन्स की आवक बढ़ने की उम्मीद है।
लोकल शिमला मिर्च की आवक कम होने से इसके दाम में भी तेजी आई है। टॉप क्वालिटी शिमला मिर्च 40 रुपये प्रति किलो तक बिकी, जबकि छंटाई वाला माल 10 से 15 रुपये प्रति किलो रहा। लहसुन की वीआईपी क्वालिटी 210 रुपये प्रति किलो तक पहुंची, जबकि हल्का लहसुन 70 से 80 रुपये प्रति किलो बिका।
फूलगोभी में लोकल माल 30 रुपये और लाहुल की गोभी 35 रुपये प्रति किलो तक बिकी। आढ़ती के अनुसार मंडी में फिलहाल सब्जियों के दाम मुख्य रूप से मांग, आपूर्ति और गुणवत्ता के आधार पर तय हो रहे हैं।